अलका घोडेला (नई दिल्ली) :
संपादन: प्रमोद भांडारकर
National Congress : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को मध्य प्रदेश के सतना में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में बेरोजगारी और महंगाई मुख्य मुद्दे हैं। बेरोजगारी और महंगाई गरीबों की जान ले रही है। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है और बेरोजगारी से युवा परेशान है। आज देश में कोई खुश नहीं है। अगर, कोई खुश है तो सिर्फ एक ही आदमी (नरेंद्र मोदी) खुश है। कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जमीनी रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि प्रथम चरण की 102 सीटों पर हुए चुनाव में इंडिया गठबंधन को भारी बहुमत मिलेगा।
मोदी सरकार दोबारा सत्ता में आने पर संविधान को खत्म कर देगी
National Congress : खरगे ने कहा कि मोदी का काम सिर्फ कांग्रेस को गाली देना, गांधी परिवार को गाली देना और संविधान का सत्यानाश करना है। मोदी कहते हैं कि अंबेडकर जी ऊपर से नीचे भी आ जाए तो संविधान नहीं बदलेगा। वहीं भाजपा सांसद कह रहे हैं कि भाजपा को 400 सीटें मिलने पर संविधान बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दोबारा सत्ता में आने पर बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर जी के संविधान को खत्म कर देगी। उन्होंने जनता से लोकतंत्र और वोट के अधिकार को जिंदा रखने के लिए कांग्रेस को वोट देने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जो वादे करती है, वो पूरा करके दिखाती है। कांग्रेस ने मनरेगा, खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे कानून बनाए और गरीबों के हितों की रक्षा की। वहीं नरेंद्र मोदी कहते हैं कि वह गरीबों को मुफ्त राशन दे रहे हैं, लेकिन मोदी भूल जाते हैं कि ये तो कांग्रेस का बनाया कानून है।
कांग्रेस ने किसानों का 72 हजार करोड़ का कर्जा माफ किया था
National Congress आंकड़ों के साथ मोदी सरकार को घेरते हुए खरगे ने कहा, मोदी कहते थे कि वह देश को ख़ुशहाली की तरफ ले जाएंगे। यूपीए के समय पेट्रोल 67 रुपये था, अब 100 रुपये है। डीजल 52 रुपये था, आज 88 रुपये है। कच्चे तेल का अंतरराष्ट्रीय मूल्य उस समय 105 डॉलर था, अब 86 डॉलर है। मोदी ने 414 रूपये का सिलेंडर 1100 रुपये का कर दिया। मोदी झूठों के सरदार है और वह केवल लोगों को भ्रमित करते हैं। आज देश की संपत्तियां बेचीं जा रही हैं। मोदी-अमित शाह देश की संपत्ति अडानी-अंबानी को बेच रहे हैं। दो आदमी लेने वाले अंबानी-अडानी हैं और दो बेचने वाले मोदी-शाह हैं। मोदी सरकार ने अमीरों का कर्जा माफ किया, लेकिन किसानों का नहीं किया। वहीं कांग्रेस ने किसानों का 72 हजार करोड़ का कर्जा माफ किया था। खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की 15 महीने की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया और 100 यूनिट बिजली 100 रुपये में दी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जिन विपक्षी नेताओं को भ्रष्ट कहती थी, वो भाजपा में जाकर कैसे अच्छे हो गए। नरेंद्र मोदी जिन्हें भ्रष्टाचारी कहते थे, अब उन्हें अपने साथ बैठा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के पास एक बहुत बड़ी वाशिंग मशीन है, जिसमें भ्रष्टाचारियों को डालकर साफ कर दिया जाता है।इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विवेक तन्खा, अरूण यादव, कमलेश्वर पटेल समेत अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।